गुरुग्राम से कुरुक्षेत्र मॉक पार्लियामेंट में जा रहे गेस्ट टीचर्स को पुलिस ने हिरासत में लिया

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम से कुरुक्षेत्र मॉक पार्लियामेंट में जा रहे गेस्ट टीचर्स को पुलिस ने हिरासत में लिया


-पुलिस कार्रवाई के खिलाफ गेस्ट टीचर्स ने की सरकार, प्रशासन की निंदा

गुरुग्राम, 15 नंबवर (हि.स.)। कुरुक्षेत्र में गेस्ट टीचर्स की मॉक पार्लियामेंट में रविवार को गुरुग्राम से जा रहे गेस्ट टीचर्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उन्हें कुरुक्षेत्र नहीं जाने दिया। गेस्ट टीचर्स ने इस कार्रवाई का जमकर विरोध किया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी। गेस्ट टीचर्स ने इस कार्रवाई को गलत, अलोकतांत्रिक और अव्यवहारिक करार दिया है।

गेस्ट टीचर्स की मुख्य मांगों में सेवाओं को नियमित करना, नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करना, वेतन में बढ़ोतरी करना, ट्रांसफर पॉलिसी में पारदर्शिता लाना और हर साल अनुबंध नवीनीकरण की प्रक्रिया को खत्म करना शामिल है। गुरुग्राम से रविवार की सुबह कुरुक्षेत्र में मॉक पार्लियामेंट में भाग लेने के लिए बस में जा रहीं गेस्ट टीचर रितु कटारिया, विपिन यादव, रणजोत, अशोक, नरेंद्र भारद्वाज, शीतल, कुसुम, नम्रता, हेमलता, सीमा, दिनेश खटाना, विजयपाल, रेशपाल आदि ने बताया कि रविवार की सुबह पुलिस ने कई महिला और पुरुष टीचर्स को हिरासत में लिया। लोकतंत्र ने हर किसी को अपनी मांगों को उठाने का अधिकार दिया है। वे कुरुक्षेत्र में मॉक पार्लियामेंट में जा रहे थे, लेकिन गुरुग्राम पुलिस ने उन्हें ना केवल रोका बल्कि घंटों तक हिरासत में भी रखा। सरकार के ईशारे पर की यह कार्रवाई न्यायसंगत नहीं है। हिरासत में लिए गए गेस्ट टीचर्स रितु कटारिया व अन्य का कहना है कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन में जाना उनका मौलिक अधिकार है, जिसका सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन हनन कर रहा है। उन्होंने कहा कि रास 41 के राज्य प्रधान दिनेश यादव और अध्यापक संघ के प्रधान प्रभु सिंह को पुलिस ने शनिवार की रात को ही धरना स्थल से उठा लिया था। इस तरह की कार्रवाई किसी भी तरह से जायज नहीं कही जा सकती। गेस्ट टीचर्स ने कहा कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने तीन साल की पॉलिसी के तहत उन्हें नियमित करने के आदेश दिए हैं। सरकार को तुरंत प्रभाव से इसे लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे पिछले 21 वर्षों से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी सेवाओं में कभी कोई कमी दर्ज नहीं की गई। अपनी ड्यूटी को पूरी जिम्मेदारी से निभाते हैं। दुख की बात है कि भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र में सत्ता में आने पर पहली कलम से नियमित करने का वादा किया था, लेकिन कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि गेस्ट टीचर्स को तीन साल की पॉलिसी के तहत नियमित करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story