गुरुग्राम: हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत पंचतत्व में विलीन

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत पंचतत्व में विलीन


-झाड़सा गांव के श्मशान घाट में किया गया अंतिम संस्कार

गुरुग्राम, 12 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोपीचंद गहलोत का रविवार को झाड़सा गांव में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक क्षेत्रों के हजारों लोगों ने शिरकत की।बता दें कि पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत का शनिवार शाम को अपने आवास पर निधन हो गया था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वे करीब चार साल से डायलिसिस पर चल रहे थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत अनेक नेताओं, सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने उनके निधन पर दुख प्रकट किया। रविवार को उनका अंतिम संस्कार झाड़सा गांव के श्मशान घाट में किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में विभिन्न राजनैतिक, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोग व क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से कामना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। गोपीचंद गहलोत वर्ष 2000 में गुडग़ांव विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडक़र विधायक बने थे। उनके सामने इनेलो ने अपना उम्मीदवार तक नहीं उतारा था। चुनाव जीतकर गोपीचंद गहलोत इनेलो सरकार में शामिल हुए। उस समय इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने उन्हें हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर का पद नवाजा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story