गुरुग्राम: गीता जयंती महोत्सव पर कार्यक्रमों में दिखी कला व संस्कृति की झलक
-सांस्कृतिक रंगों से सजा गीता महोत्सव का मंच
गुरुग्राम, 29 नवंबर (हि.स.)। श्री माता शीतला देवी की पावन व दिव्य धरा पर शनिवार को गीता जयंती महोत्सव की शुरुआत हुई। तेज रफ्तार जिंदगी में गीता के मार्गदर्शन की प्रासंगिकता को केंद्र में रखते हुए आयोजित यह महोत्सव न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा, बल्कि गुरुग्राम की सांस्कृतिक समृद्धि का भी भव्य प्रदर्शन बनकर उभरा। प्रदर्शनी से लेकर मंचीय प्रस्तुतियों तक, हर आयाम में अध्यात्म, परंपरा और नवाचार का सुंदर मेल दिखाई दिया।
गीता जयंती महोत्सव के उद्घाटन समारोह में विधायक मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव तथा प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर आयोजित पवित्र हवन में पूर्णाहुति अर्पित कर कार्यक्रम की मंगलकामना की। यह महोत्सव जिला के सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद् हॉल परिसर में एक दिसंबर तक मनाया जाएगा।
मुख्य अतिथि विधायक मुकेश शर्मा ने गीता महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि भगवत गीता मानव जीवन के लिए वह महान ग्रंथ है, जो हर परिस्थिति में सही दिशा दिखाता है। स्वयंसेवी संस्थाओं व सामाजिक संगठनों द्वारा प्रदर्शित नवाचारों और उत्पादों की सराहना की।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के सांस्कृतिक मंच पर विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-14 द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद मॉडल संस्कृति स्कूल सुशांत लोक के छात्रों ने आकर्षक स्वागत गीत और ऊर्जावान हरियाणवी समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को तालियों पर मजबूर कर दिया। इसी क्रम में राजीव गांधी हाई स्कूल द्वारा मनमोहक राजस्थानी नृत्य और बाद में प्रस्तुत भरतनाट्यम ने मंच की गरिमा में वृद्धि की। राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-14 ने आगे मधुराष्टक, हरियाणवी समूह गीत और एकल नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता को और भी समृद्ध बनाया।
मंच पर बच्चों की कला और अभिव्यक्ति का चरम उस समय देखने को मिला जब मॉडल संस्कृति स्कूल सुशांत लोक के विद्यार्थियों ने सजीव हरियाणवी एकल नृत्य प्रस्तुत किया और राजीव गांधी हाई स्कूल द्वारा अंत में प्रस्तुत हरियाणवी समूह नृत्य ने माहौल को उल्लास और उमंग से भर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

