गुरुग्राम: राजकीय कन्या कालेज सेक्टर-14 की बेस्ट एथलीट बनीं निशा यादव

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: राजकीय कन्या कालेज सेक्टर-14 की बेस्ट एथलीट बनीं निशा यादव


गुरुग्राम: राजकीय कन्या कालेज सेक्टर-14 की बेस्ट एथलीट बनीं निशा यादव


-तीन स्पर्धाओं में दूसरे नंबर पर रहकर भी मारा मैदान

-सेक्टर-14 राजकीय कन्या महाविद्यालय में हुई 63वीं एथलीट मीट

गुरुग्राम, 30 सितंबर (हि.स.)। राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 में बुधवार को 63वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। प्रतियोगिता की तीन श्रेणियों में जीत हासिल करने वाली निशा यादव को बेस्ट एथलीट चुना गया। एथलीट मीट का आयोजन प्राचार्या डॉ. इंदू राव के मार्गदर्शन और उप-प्राचार्या डॉ. सुनीता ढाका के निर्देशन में हुआ।

एथलीट मीट का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुरुग्राम की मेयर राज रानी मल्होत्रा ने किया। इस अवसर पर तिलक राज मल्होत्रा, डॉ. सुनीता ढाका, आयोजन सचिव डॉ. ज्योति सोलंकी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और छात्राएं उपस्थित रहीं।

छात्राओं ने बैंड की धुन पर कदम से कदम मिलाते हुए मार्च पास्ट किया और ध्वज को सलामी दी। एथलीट मीट के लिए कड़ी मेहनत से मैदान तैयार करवाकर इस आयोजन को सफल बनाने में प्रो. राजेश बेनीवाल की भी भूमिका रही।

मुख्य अतिथि राज रानी मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वह इसी महाविद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं और आज यहां आकर पुराने दिन याद आ गए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। प्रो. लोकेश शर्मा ने बताया कि एथलीट मीट में कालेज की करीब 1200 छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

दोपहर को एथलीट मीट का समापन किया गया। इस दौरान पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि आईटीआई गुरुग्राम के प्रिंसिपल रविंद्र कुमार रहे। उन्होंने विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार प्रदान किए। एथलीट मीट में 100 मीटर रेस में दिव्या प्रथम, निशा यादव द्वितीय, कशिश तृतीय स्थान पर रही। 200 मीटर रेस में महक प्रथम, रूपा द्वितीय, प्रियंका तृतीय, डिस्कस थ्रो में अंशु प्रथम, निशा द्वितीय, शिवांगी तृतीय, लॉन्ग जंप प्रियांशी प्रथम, निशा द्वितीय, वंशिका तृतीय, जेवलिन थ्रो में वंदना प्रथम, तनु द्वितीय, रवीना तृतीय स्थान पर रहीं। निशा यादव को बेस्ट एथलीट चुना गया। अंत में उप प्राचार्या डॉ. सुनीता ढाका ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story