गुरुग्राम की ब्लिंकिट कर्मी युवती की हत्या का आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
गुरुग्राम, 29 अगस्त (हि.स.) । गुरुग्राम में ब्लिंकिट में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में यूपी पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड नितिन यादव को गिरफ्तार किया है। वारदात को उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से फिरोजाबाद की रहने वाली युवती गुरुग्राम में काम करती थी। आरोपी ने जन्मदिन और रक्षाबंधन का बहाना बनाकर उसे शिकोहाबाद बुलाया था। 26 अगस्त की रात युवती शिकोहाबाद पहुंची।
आरोप है कि आरोपी उसका सामान उसकी सहेली काजल के घर रखवाकर उसे एक होटल में ले गया।
वहां विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की, जिसमें युवती की मौत हो गई।
मौत के बाद आरोपी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर शव को बाइक पर ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की। पुलिस की गाड़ी देखकर दोनों शव को हाईवे पर फेंककर फरार हो गए।
27 अगस्त सुबह पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने होटल से युवती का मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया है। शिकोहाबाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर पूछताछ शुरू कर दी है और कॉल डिटेल सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

