गुरुग्राम: बेटियों को जन्म देने पर महिला से मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
-पति पर शराब के नशे में मारपीट करने का आरोप-ससुराल पक्ष पर दूसरी शादी की तैयारी और प्रताड़ना के गंभीर आरोप
गुरुग्राम, 27 मई (हि.स.)। सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार देर रात महिला अपनी दो मासूम बेटियों के साथ सेक्टर-10 थाने पहुंची और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। महिला ने रोते हुए पुलिस को बताया कि उसके ससुराल वाले बेटा न होने को लेकर लगातार ताने मारते हैं, जबकि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के पहाड़गंज निवासी मानसी की शादी तीन फरवरी 2020 को गुरुग्राम के खांडसा निवासी ट्रांसपोर्टर मोहित गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद मानसी ने दो बेटियों को जन्म दिया। बड़ी बेटी की उम्र पांच वर्ष और छोटी बेटी की उम्र तीन वर्ष बताई गई है। महिला का आरोप है कि बेटियों के जन्म के बाद से ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया और उसे बेटा न होने के ताने दिए जाने लगे। मानसी ने आरोप लगाया कि पहले ससुराल वालों ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और बाद में घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने पति के साथ खांडसा में किराए के मकान में रहने लगी। महिला का कहना है कि उसका पति अक्सर शराब पीकर घर आता है और बिना किसी वजह के उसके साथ मारपीट करता है। मंगलवार रात को भी उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने अपने सास- ससुर पर भी पति को उसके खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि ससुराल वाले पति की दूसरी शादी की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही दहेज कानून से बचने के लिए साजिश रच रहे हैं।
महिला के अनुसार ससुराल वाले कहते हैं कि शादी को जल्द सात साल पूरे होने वाले हैं, जिसके बाद उसे हमेशा के लिए घर से निकाल दिया जाएगा, ताकि दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज न हो सके। महिला ने बताया कि उसने पहले पुलिस कंट्रोल रूम में भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह देर रात अपनी दोनों बेटियों के साथ थाने पहुंची। पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर उसका मेडिकल करवाया और फिलहाल उसे सुरक्षित घर पहुंचा दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सेक्टर-10 थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बुधवार को बताया कि यह मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा हुआ है। महिला की शिकायत ले ली गई है और उसके पति से भी पूछताछ की जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

