गुरुग्राम में फिर से गैस की कालाबाजारी पकड़ी, 64 सिलेंडर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में फिर से गैस की कालाबाजारी पकड़ी, 64 सिलेंडर जब्त


-खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने की कार्रवाई

-अवैध सिलेंडर के साथ एक वाहन जब्त व एक आरोपी हिरासत मेंगुरुग्राम, 31 मार्च (हि.स.)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने गैरतपुर बास में छापेमारी कर घरेलू श्रेणी के 64 खाली गैस सिलेंडर कब्जे में लिए हैं। यह कार्रवाई अवैध भंडारण और व्यावसायिक उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।

जिले में किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की स्थिति न बनने पाए। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी दौरान टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने बादशाहपुर क्षेत्र के गांव गैरतपुर बास में पहुंचकर वाहन नंबर-एचआर-55-एएम 6507 से इंडेन मार्का के 64 खाली सिलेंडर जब्त किए। इस संदर्भ में जब वाहन मालिक गैरतपुर बास निवासी हरिंद्र से पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेते हुए सिलेंडर और वाहन को जब्त कर लिया गया। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच जारी है और संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

इस जांच अभियान में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से एएफएसओ विजय कुमार, इंस्पेक्टर गजेंद्र और इंदर शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान जारी रहेंगे, ताकि कालाबाजारी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। डीएफएससी अशोक रावत ने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या अवैध भंडारण की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) अशोक रावत ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। जिले में एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और इस प्रकार के मामलों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अशोक रावत ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर गैस की उपलब्धता बनी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story