गुरुग्राम कूड़ा डालने को लेकर मारपीट के तीन काबू, एक नाबालिग हिरासत में
गुरुग्राम, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सेक्टर-65 थाना पुलिस ने कूड़ा डालने को लेकर हुई कहासुनी में परिवार पर लाठी-डंडों से हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों को सेक्टर-65 से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 16 अक्टूबर को गांव बहरमपुर में झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर कोई नहीं मिला, बाद में पता चला कि घायल अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने उन्हें बयान देने के अयोग्य बताया था। 18 अक्टूबर को घायल व्यक्ति ने शिकायत दी कि वह गांव में चौकीदारी का काम करता है। 16 अक्टूबर को उसकी पत्नी और बेटा प्लॉट पर जा रहे थे, तभी गांव के ही सचिन ने उनकी बाइक के आगे बाइक लगाकर बहस की। जब वह शिकायत लेकर सचिन के घर गया तो वहां भी विवाद हो गया। बाद में घर के पास सचिन और उसके साथियों ने उस पर, उसकी पत्नी, बेटे और बेटी पर लाठी-डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत पर सेक्टर-65 थाने में केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुरुवार को आरोपियों को सेक्टर-65 से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमू (45) निवासी नया बहरमपुर, ताल सिंह (75) निवासी नया बहरमपुर और रिंकू (28) निवासी भैसरावली फरीदाबाद, वर्तमान नया बहरमपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों का प्लॉट शिकायतकर्ता के घर के सामने है, जिसमें शिकायतकर्ता कूड़ा डाल देता था। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ी और मारपीट की वारदात को अंजाम दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

