गुरुग्राम: अंसल पायनियर सिटी में गैंगवार, गाडिय़ों में तोडफ़ोड़
गुरुग्राम, 10 जून (हि.स.)। गुरुग्राम के पथरेड़ी गांव स्थित अंसल पायनियर सिटी की प्रोजेक्ट साइट पर स्क्रैप का ठेका लेने को लेकर दो गुटों में गैंगवार हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच सरेआम फायरिंग शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार, काले रंग की गाडिय़ों में सवार होकर आए हथियारबंद लोग साइट पर पहुंचे और दूसरे पक्ष से भिड़ गए। स्क्रैप कारोबार से जुड़े इस विवाद में दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। इसी दौरान साइट पर खड़ी कई गाडिय़ों में भी तोडफ़ोड़ की गई। हमले में गाडिय़ों के शीशे चकनाचूर हो गए और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बिलासपुर थाना एसएचओ सुनील ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

