गुरुग्राम: गैंगस्टर कौशल चौधरी की करोड़ों की अवैध संपत्ति ध्वस्त

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: गैंगस्टर कौशल चौधरी की करोड़ों की अवैध संपत्ति ध्वस्त


-पुलिस, प्रशासन की टीमों ने 50 करोड़ का प्लॉट खाली करवाया

गुरुग्राम, 15 अप्रैल (हि.स.)। अपराधियों की आर्थिक कमर तोडऩे के लिए चलाया जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा ने बुधवार को नाहरपुर और फाजिलपुर में अवैध कब्जा की गई संपत्ति को ध्वस्त किया। पुलिस ने नाहरपुर में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की करीब 50 करोड़ की जमीन को गैंगस्टर कौशल चौधरी के कब्जे से मुक्त कराया। फाजिलपुर में नशा तस्कर भजन लाल की संपत्ति को भी ध्वस्त किया गया। इस दौरान सम्बंधित थाने से भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

पुलिस व प्रशासनिक अमले ने गांव नाहरपुर में कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी की अवैध संपत्ति को चिन्हित किया था। जिसमें कौशल चौधरी ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर कब्जा किया हुआ था,जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सेक्टर-31 अपराध शाखा के साथ भारी पुलिस बल व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। गैंगस्टर कौशल चौधरी पर हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन अपराधों के करीब तीन दर्जन मामले दर्ज हैं। वर्तमान में वह जेल में बंद है और उसके इशारे पर ही जमीन पर कब्जा कर इससे अर्जित धन को आपराधिक गतिविधियों में खर्च किया जा रहा है। इसके अलावा भजन लाल पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जो नशा तस्करी में शामिल है, जिसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। सेक्टर-43 अपराध शाखा व पुलिस की टीमों ने फाजिलपुर झाड़सा में कार्रवाई करते हुए नशा तस्कर भजन लाल की संपत्ति को भी ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने बताया कि अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिये मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए हैं।आज गैंगस्टर के कब्जे से सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करवाया गया है। जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी और जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अपराधियों के खिलाफ यह कार्यवाही जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story