गैंगस्टर काला जठेड़ी कड़ी सुरक्षा के बीच जुड़वां बेटियां व पत्नी से मिलने पहुंचा गुरुग्राम
-अदालत से काला जठेड़ी को चार घंटे की मिली थी पैरोल
-गुरुग्राम के निजी अस्पताल में उनकी पत्नी अनुराधा ने दिया है दो बेटियों को जन्म
गुरुग्राम, 01 जुलाई (हि.स.)। कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी की पत्नी ने यहां के एक निजी अस्पताल में आईवीएफ तकनीक से दो जुड़वां बेटियों को जन्म दिया है। पत्नी व बेटियों से मिलने के लिए दिल्ली की रोहिणी कोर्ट से काला जठेड़ी को मानवीय आधार पर चार घंटे की पैरोल मिली। बुधवार को वह कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच उसे यहां निजी अस्पताल पहुंचा। पत्नी व बेटियों से मुलाकात के बाद पुलिस उसे वापस जेल ले गई।
काला जठेड़ी की पत्नी लेडी डॉन अनुराधा चौधरी ने आईवीएफ तकनीक से जुड़वां बेटियों को जन्म दिया है। उनसे मुलाकात के लिए काला जठेड़ी ने अदालत में पैरोल की याचिका लगाई थी। अदालत की ओर से गुरुग्राम के उस अस्पताल व मेडिकल रिकॉर्ड की जांच कराई गई, जहां पर उसकी पत्नी ने बेटियों को जन्म दिया। सभी तथ्य सही पाए जाने के बाद काला जठेड़ी की चार घंटे की कस्टरी पैरोल मंजूर की गई। परिवार की निजता और सुरक्षा के मद्देनजर अदालत ने उस अस्पताल का नाम भी गोपनीय रखने के आदेश दिए, जहां उसकी पत्नी भर्ती है। अदालत की ओर से कहा गया कि नवजात बच्चियों और मां की सुरक्षा भी प्राथमिकता है। इसलिए पुलिस सभी सुरक्षा इंतजाम करके ही काला जठेड़ी को लेकर अस्पताल पहुंचे। पुलिस की ओर से भी पूरी गोपनीयता से यह काम किया गया और उसे पत्नी व बेटियों से मुलाकात कराकर वापस जेल ले गई।
बता दें कि संदीप उर्फ काला जठेड़ी सोनीपत जिला के गांव जठेड़ी का निवासी है। पूर्व लेडी डॉन अनुराधा चौधरी से 12 मार्च 2024 को उसने दिल्ली के एक गार्डन में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच शादी की थी। शादी के लिए अदालत से छह घंटे की कस्टडी पैरोल दी गई थी। उनकी शादी में 250 से ज्यादा पुलिसकर्मी और कमांडो तैनात थे। काला जठेड़ी पर हरियाणा के अलावा दिल्ली, राजस्थान, पंजाब में हत्या, रंगदारी, फिरौती और जमीनों पर कब्जे करने के 30 से अधिक संगीन केस दर्ज हैं। कई वर्ष से काला जठेड़ी जेल में बंद है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

