गुरुग्राम: गाड़ी को साइड न देने पर कार में की तोड़फोड़, दो आरोपी काबू

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: गाड़ी को साइड न देने पर कार में की तोड़फोड़, दो आरोपी काबू


गुरुग्राम: गाड़ी को साइड न देने पर कार में की तोड़फोड़, दो आरोपी काबू


आरोपी कुछ ही घंटों में किए गए गिरफ्तार

वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी बरामद

गुरुग्राम, 20 जून (हि.स.)। गाड़ी को साइड न देने पर शनिवार को हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की कार में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने दो आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा थाना सदर की टीम को शनिवार 20 जून 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि वह सोहना रोड से राजीव चौक की तरफ जा रहा था। रास्ते में एक स्कॉर्पियो में सवार दो युवक लापरवाही और जिगजैग तरीके से गाड़ी चला रहे थे, जिससे उसकी गाड़ी टकराते-टकराते बची। इसके बाद आरोपियों ने उसकी गाड़ी का रास्ता रोककर गाली-गलौच की।

शिकायतकर्ता के अनुसार वह किसी तरह वहां से निकला, लेकिन राजीव चौक के पास आरोपियों ने फिर उसकी गाड़ी के आगे गाड़ी लगाकर डंडे से शीशे तोड़ दिए। डंडा शिकायतकर्ता के कंधे पर लगा और टूटे शीशे उसके चेहरे पर भी लगे। आरोपियों ने गाली देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत पर थाना सदर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में ही दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान पार्थ और पारस निवासी विपुल वर्ल्ड सेक्टर-48 फाजिलपुर गुरुग्राम के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 22 वर्ष है और वे बीबीए तक हुए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता द्वारा आरोपियों की गाड़ी को साइड न देने पर कहासुनी हुई थी। जिसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story