गुरुग्राम: फर्जी एसपी बनकर पुलिस को फोन करने वाला आरोपी गिरफ्तार
-खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी बताया
-मॉल की बिजली चालू करवाने के लिए बनाया दबाव
गुरुग्राम, 26 जुलाई (हि.स.)। थाना डीएलएफ सेक्टर-29 पुलिस ने फर्जी तरीके से खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर सरकारी काम में बाधा डालने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी बनकर थाना प्रभारी को फोन कर मेगा मॉल में एक शोरूम की बिजली चालू करवाने के लिए दबाव बनाया था।
पुलिस के अनुसार थाना डीएलएफ सेक्टर-29 के प्रबंधक के सरकारी मोबाइल पर शनिवार 25 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति का कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी चंदन सिंह बताया और कहा कि मेगा मॉल स्थित एक शोरूम की बिजली तत्काल चालू करवाई जाए। आरोपी ने कार्रवाई के लिए दबाव बनाया और बातचीत के दौरान डीजीपी स्तर का भी हवाला दिया। मामले में संदेह होने पर थाना प्रबंधक ने तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच करवाई। जांच में खुलासा हुआ कि फोन करने वाला कोई पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि करण कुमार सकूजा है। वह दिल्ली के नेब सराय का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी की पत्नी की मेगा मॉल में दुकान है। मॉल प्रबंधन द्वारा दुकान की लाइट काट दिए जाने के बाद उसे चालू करवाने के लिए आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर यह करतूत की थी। सरकारी अधिकारी के नाम और पद का गलत इस्तेमाल करने पर आरोपी के खिलाफ थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करण कुमार सकूजा को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

