गुरुग्राम: गाडिय़ां बेचने के नाम पर 12.59 लाख की ठगी

WhatsApp Channel Join Now

-फर्जी एनओसी बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

-फर्जी दस्तावेज लगाकर बनाता था फर्जी एनओसी

गुरुग्राम, 02 नवंबर (हि.स.)। वाहनों को बेचने के नाम पर फर्जी दस्तावेज लगाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह पर गुरुग्राम साइबर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह आरोपी गिरोह को वाहनों की फर्जी एनओसी बनाकर देता था।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने साेमवार काे बताया कि पांच फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम में शिकायत दी थी कि तीन जनवरी और 21 जनवरी को अज्ञात व्यक्तियों ने दो कारों को बेचने के नाम पर फर्जी दस्तावेज दिखाकर धोखाधड़ी से उसके खातों से कुल 12,59,759 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत पर थाना साइबर अपराध पश्चिम में केस दर्ज किया गया। एएसआई राकेश की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक नवंबर 2026 को दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सुनील कुमार शर्मा निवासी भजनपुरा दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनील ने दोनों गाडिय़ों की फर्जी एनओसी तैयार करवाकर अपने साथी आरोपियों को कमीशन पर उपलब्ध करवाई थी, जिसके सहारे उन्होंने पीडि़त के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया। गुरुग्राम साइबर पुलिस इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story