गुरुग्राम: 13.72 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ विदेशी नागरिक बाइक समेत काबू

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: 13.72 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ विदेशी नागरिक बाइक समेत काबू


-एचएसएनसीबी की बड़ी कार्रवाई, सिग्नेचर टावर के पास आरोपी को पकड़ा

गुरुग्राम, 13 अगस्त (हि.स.)। नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत (एचएसएनसीबी) की गुरुग्राम यूनिट ने सिग्नेचर टावर के पास से एक विदेशी नागरिक को 13.72 ग्राम नशीला पदार्थ एमडीएमए एवं एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

एचएसएनसीबी गुरुग्राम यूनिट के यूनिट प्रभारी नवीन ने रविवार को बताया कि उनकी यूनिट के एएसआई बिजेंद्र कुमार की टीम को एक गुप्त सूचना मिली। बताया गया कि सिग्नेचर टावर के पास एक विदेशी मूल का एक व्यक्ति ओकाके अवैध रूप से नशीला पदार्थ एमडीएमए बेचने का काम करता है। अपनी पीठ पर टांगे बैग में वह एमडीएमए लिए हुए मोटरसाइकिल पर पास के एक पार्किंग स्थल की ओर आने वाला है। इस सूचना की विश्वसनीयता को देखते हुए टीम ने आसपास निगरानी बढ़ाई, जिसमें आरोपी को मोटरसाइकिल सहित रोका गया। पूछताछ में उसकी पहचान ओकाके फ्राइडे उर्फ रिचर्ड पुत्र ओकाके इग्वेबिके के रूप में हुई। तलाशी में आरोपी की पीठ पर टंगे बैग से 13.72 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत वाणिज्यिक मात्रा (कमर्शियल क्वांटिटी) में आती है। नशीले पदार्थ के साथ-साथ आरोपी की मोटरसाइकिल को भी बतौर सबूत जब्त किया गया। आरोपी ओकाके फ्राइडे उर्फ रिचर्ड के विरुद्ध थाना सेक्टर-40 में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी और उसे नेटवर्क तथा उससे जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story