गुरुग्राम के पॉश डीएलएफ फेज-1 में फूल कारोबारी की हत्या

WhatsApp Channel Join Now

-शॉप जी-टाउन वाइन शॉप और ब्रिस्टल होटल के पास की घटना

गुरुग्राम, 30 जुलाई (हि.स.)। शहर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके डीएलएफ फेज-1 में बुधवार रात फूल कारोबारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक का खून से लथपथ शव उसकी फूलों की दुकान के अंदर मिला। घटना 100 करोड़ के ठेके वाली जी-टाउन वाइन शॉप और ब्रिस्टल होटल के ठीक सामने हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण मोतिहारी निवासी संजय (32 वर्ष) के रूप में हुई है।

संजय यहां खुशी फ्लोरिस्ट नाम से फूलों की दुकान चलाता था। पास के दुकानदार दीपक यादव ने बताया कि रात में संजय के छोटे भाई राजा ने उसे कॉल कर कहा कि भाई के साथ कुछ अनहोनी हो गई है और तुरंत दुकान के अंदर जाकर देखें। दीपक जब दुकान के भीतर पहुंचा तो वहां का नजारा खौफनाक था। संजय का शव फर्श पर पड़ा था। उसके सिर पर किसी भारी चीज से वार किए जाने के गहरे निशान थे और चारों तरफ खून फैला हुआ था। सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के मुताबिक बुधवार रात संजय का दुकान पर ही राजा नाम के व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। आसपास के दुकानदारों ने भी रात में बहस और चीखने की आवाजें सुनी थीं। दीपक यादव ने पुलिस को दी शिकायत में हत्या का शक जताया है।

पुलिस को आशंका है कि किसी पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया है।

पॉश इलाके में हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद पुलिस अलर्ट पर है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। डीसीपी के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें इस केस को सुलझाने में जुटी हैं। जी-टाउन वाइन शॉप, ब्रिस्टल होटल और आसपास के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि रात में दुकान के भीतर आने-जाने वाले संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। संजय अपने पीछे दो बच्चे एक लडक़ा और एक लडक़ी को छोड़ गया है। वह करीब पांच साल से गुरुग्राम में फूल का कारोबार कर रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story