गुरुग्राम में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, जान बचाने को कूदा ड्राइवर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, जान बचाने को कूदा ड्राइवर


-राजीव चौक-सुभाष चौक रोड पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम

गुरुग्राम, 01 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम के राजीव चौक से सुभाष चौक रोड पर एक बड़ा हादसा टल गया। इस्लामपुर गांव के पास चलते रेडी मिक्स कंक्रीट मिक्सर ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मुख्य सडक़ पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे कंक्रीट प्लांट की मिक्सर गाड़ी इस्लामपुर गांव के पास से गुजर रही थी। तभी अचानक ट्रक में शॉर्ट सर्किट हो गया। ड्राइवर सौरव गुर्जर ने चलती गाड़ी से धुआं और चिंगारियां उठती देखीं। खतरा भांपते ही सौरव ने तुरंत ट्रक रोका और केबिन से कूद गया। कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते ट्रक का अगला केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। काले धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही पास स्थित एयरफोर्स स्टेशन की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक का केबिन और इंजन वाला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था।

बीच सडक़ पर ट्रक में आग लगने से राजीव चौक से सुभाष चौक जाने वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई। दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। ऑफिस से निकलने वाले लोगों और रोजमर्रा के वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सडक़ से हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सुचारु हो सका। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट ही आग की वजह लग रही है, फिर भी जांच की जा रही है। ड्राइवर सौरव गुर्जर ने बताया कि धुआं देखते ही मैं समझ गया था। अगर एक मिनट की भी देर करता तो केबिन में ही फंस जाता। जान बच गई, यही बहुत है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story