गुरुग्राम में वैल्डिंग की दुकान में आग, पांच लोगों का रेस्क्यू
-फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता से कार्यवाही करके बचाई जान
गुरुग्राम, 14 अप्रैल (हि.स.)। यहां शीतला कालोनी में मंगलवार की देर शाम एक वैल्डिंग की दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगते ही आसपास के मकानों में रह रहे लोगों में दहशत फैल गई और सभी घरों से बाहर निकल आए। सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची व आग बुझानी शुरू की। आग की इस घटना में पांच लोगों का रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम शीतला कालोनी स्थित मलिक फेब्रिकेशन दुकान पर आग लग गई। देखते ही देखते इस आग काफी भडक़ गई। धुएं से पूरा क्षेत्र भर गया। घरों में लोग भी मौजूद थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग से गाडिय़ां लेकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाना शुरू किया। इस दौरान कर्मचारियों ने घर से पांच लोगों को निकाला। धुएं के कारण उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। रेस्क्यू किए गए एक व्यक्ति को ग्लोबल अस्पताल में ले जाया गया। उसकी हालत अभी खतरे से बाहर है। आग बुझाने के लिए दुकान तक पहुंच पाना दमकल विभाग की टीम के लिए भी काफी परेशानी भरा रहा। कालोनी के रास्तों में गाड़ी ले जाने में परेशानी हुई। गली के अंतिम छोर पर घटना होने के कारण दमकल कर्मचारियों के लिए आसान नहीं था।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

