गुरुग्राम: प्लास्टिक के उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: प्लास्टिक के उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग


दमकल विभाग की टीमों ने अंदर फंसे पांच श्रमिकों का किया रेस्क्यू

गुरुग्राम, 03 अप्रैल (हि.स.)। यहां उद्योग विहार फेज-1 में प्लास्टिक के उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। आग में पांच श्रमिक फैक्ट्री के अंदर ही फंस गए। सूचना पाकर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। अंदर धुआं भरने के कारण श्रमिकों की हालत खराब हो गई। शीशे तोडक़र उन्हें बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह उद्योग विहार फेज-1 स्थित खाना बनाने के उपकरणों में प्रयोग होने वाली प्लास्टिक बॉल बनाने वाली रूबटेक मैक नामक फैक्ट्री में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। आग बेसमेंट से लगनी शुरू हुई थी। कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री धुआं-धुआं हो गई। आग लगने के कारण बेसमेंट में व ग्राउंड फ्लोर पर पांच श्रमिक फंस गए। धुएं से उन्हें दिक्कत होने लगी। आग लगने की सूचना पाकर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और आग बुझाने शुरू की। साथ ही श्रमिकों का रेस्क्यू करने का काम भी किया गया। अंदर फंसे श्रमिक सौरभ, विपुल राणा, तनुजा, नूरजहां व मोहित को निकालने के लिए फैक्ट्री की एक तरफ लगी खिडक़ी का शीशा तोड़ा गया और उन्हें बाहर निकाला गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। दूसरी तरफ दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। धुएं के कारण काफी समय तक दमकल विभाग की टीमें फैक्ट्री में ही मौजूद रहीं। धुआं निकलने के बाद फैक्ट्री में सर्च अभियान चलाया गया, ताकि किसी अन्य श्रमिक के फंसे होने पर उसे निकाला जा सके। आग बुझने के बाद दमकल विभाग की टीमें वहां से रवाना हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story