गुरुग्राम में पांच मंजिला इमारत में लगी आग, चार महिलाएं सुरक्षित निकाली
-ग्राउंड फ्लोर के कार्यालय से उठी आग, पूरी बिल्डिंग में फैला धुआं
गुरुग्राम, 28 मई (हि.स.)। सेक्टर 40 स्थित एक पांच मंजिला इमारत में बुधवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने एक कार्यालय में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया। धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग घबरा गए। घटना के समय चार महिलाएं ऊपरी मंजिलों पर फंस गई थी जिन्हें फायरकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल विभाग की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घने धुएं के बीच फंसी चारों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। गुरुवार को फायरकर्मी सुधीर ने बताया कि टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पर देर से नियंत्रण होता तो नुकसान और बढ़ सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड और संबंधित एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

