गुरुग्राम: फार्म हाउस में आग लगने से दो कर्मचारी झुलस गए

WhatsApp Channel Join Now

-फायर ब्रिगेड की टीम को बुझाने में लगे दो घंटे

गुरुग्राम, 06 अगस्त (हि.स.)। खंड सोहना स्थित भीम बाग फार्म हाउस में आग लग गई। आग में दो कर्मचारी झुलस गए और लाखों रुपये का सामान जल गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गुरुग्राम रेफर कर दिया गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फार्म हाउस से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर फायर ब्रिगेड की टीमें नहीं पहुंचती तो आग आसपास के क्षेत्र में भी फैल सकती थी। इस आग की चपेट में आने से फार्म हाउस में कार्यरत निजाम और आमिर के हाथ बुरी तरह झुलस गए। उन्हें पहले नागरिक अस्पताल सोहना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गुरुग्राम के अस्पताल में रेफर कर दिया। फायर ब्रिगेड के अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दो गाडिय़ों को घटनास्थल पर भेजा गया था। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू किया। इस आग में सामान का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story