गुरुग्राम : झुग्गी में लगी भीषण आग में झुलसकर मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now


-

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंकागुरुग्राम, 06 मई (हि.स.)। हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-53 मंगलवार देर रात झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की झुलसकर मौत हो गई। मृतक की पहचान रॉबिन दास के रूप में हुई है जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और गुरुग्राम में मजदूरी का काम करता था।पुलिस के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि रॉबिन दास को झुग्गी से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी झुग्गी को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के समय रॉबिन दास झुग्गी में अकेला था, जबकि उसकी बेटी और दामाद पास की ही दूसरी झुग्गी में रहते हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। लोगों की तत्परता से आग को अन्य झुग्गियों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचीं तब तक स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। आग बुझने के बाद जब मलबे की जांच की गई तो उसमें से रॉबिन दास का शव बरामद हुआ।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार काे बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी आग लगने के सही कारणों की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story