गुरुग्राम: अपनी बेटी से अश्लील हरकत करने के आरोपी पिता पर एफआईआर दर्ज
-मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत सेक्टर-29 थाने में मामला दर्ज
गुरुग्राम, 26 सितंबर (हि.स.)। बेटी के साथ उसके पिता द्वारा अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। 17 साल की किशोरी की मां की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिला का रहने वाला परिवार वर्तमान में गुरुग्राम में रहता है। शिकायत में किशोरी की मां ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को उनके घर पर आरोपी पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी को गलत नीयत से छुआ और उसके साथ अश्लील हरकत की। घटना के बाद डरी-सहमी किशोरी ने अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद मां ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

