गुरुग्राम: किसानी ऊर्जा समृद्धि कार्यक्रम में आधुनिक खेती अपनाने वाले किसान सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने वाले किसानों को सम्मानित करने के लिए किसानी ऊर्जा की ओर से दो दिवसीय किसानी ऊर्जा समृद्धि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खेती वही, तरीके नए, कमाई बेहतर की सोच के साथ आदर्श किसान खेत पहल से जुड़े किसानों को सम्मानित किया गया।

किसानी ऊर्जा के संस्थापक एवं सीईओ उत्कर्ष गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि किसानों के साथ मिलकर व्यावहारिक सुधारों और नई तकनीकों को अपनाने के जोखिम को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेल्लोर में किसानी दीदियां संगठन और किसानों के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम कर रही हैं। ये दीदियां गांव-गांव जाकर किसानों को नई तकनीकों के बारे में जागरूक कर रही हैं। किसानी ऊर्जा के अनुसार, आदर्श किसान खेत पहल के तहत किसानों को पारंपरिक खेती के साथ नई और व्यवस्थित कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। जमीनी स्तर पर प्रदर्शन और किसानी दीदियों के सहयोग से किसानों को बेहतर कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है। इससे फसल की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल रही है। संगठन का दावा है कि नेल्लोर में पहल से जुड़े किसानों को मौजूदा फसल सत्र में प्रति एकड़ औसतन 6,000 से 8,000 रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है। इसे अभी पहल से सामने आए संकेतात्मक अवलोकन के रूप में बताया गया है। आदर्श किसान खेत पहल वर्तमान में देश के 64 गांवों में संचालित की जा रही है। इसके तहत किसानों को अनुशंसित कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ निर्धारित नुकसान की स्थिति में सहायता भी दी जाती है। संगठन के मुताबिक, 500 से अधिक किसानी दीदियों के नेटवर्क के जरिए 30 हजार से अधिक किसानों से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें टिकाऊ खेती की ओर प्रेरित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story