गुरुग्राम: घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटा, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटा, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई


-हमला करने वाले लोगों का पक्ष लेने का पुलिस पर आरोप

-मंत्री राव नरबीर सिंह व पुलिस आयुक्त को पीडि़त पक्ष ने दी शिकायत

गुरुग्राम, 25 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस थाना सेक्टर-56 के अंतर्गत सेक्टर-57 में एक परिवार के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि अपने साथ हुई घटना की शिकायत उन्हें डायल 112 पर दी, लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ की केस दर्ज कर लिया। उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई ही नहीं की गई। उन्होंने शनिवार को कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर पीडि़त पक्ष ने मारपीट करने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अनिल पुत्र सतपाल निवासी सेक्टर-57 गुरुग्राम ने शिकायत में कहा है कि बीती 21 अप्रैल 2026 को शाम करीब साढ़े छह बजे घाटा गांव निवासी रामकुमार पुत्र दुलीचंद, राकेश पुत्र रामकुमार, आकाश, रणजीत, भाविक, रामकिशन, सुनील, सौरभ, सुंदर, अंकित, अनुराग, गुलशन, रोहताश उनके घर में जबरन घुसे। उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों द्वारा घर में तोड़-फोड़ भी की गई। उसे काफी चोटें आई। उसे उपचार के लिए बादशाहपुर के कमाल अस्पताल में दाखिल कराया गया। इसकी एमएलआर सेक्टरर-56 पुलिस थाना में दी गई। उनका पूरा परिवार डर के साये में है। पीडि़त अनिल ने बताया कि इस घटना की शिकायत उन्होंने तुरंत डायल 112 पर की। सेक्टर-56 पुलिस थाना में भी लिखित शिकायत दी गई। इसके बाद भी अब तक पुलिस की ओर से उनकी शिकायत पर ना कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पीडि़त अनिल का आरोप है कि 21 अप्रैल की घटना के बाद 23 अप्रैल को भी हमलावर ने उसके घर पर जान से मारने की नीयत से लाठी, डंडे व हथियार लेकर आए। अपने घर का गेट बंद करके उन्होंने अपनी जान बचाई। पीडि़त ने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस ने मारपीट के आरोपियों की ओर से दी गई शिकायत पर पीडि़त पक्ष के खिलाफ ही केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने मंत्री राव नरबीर सिंह व पुलिस आयुक्त से अनुरोध किया है कि वे उनकी पीड़ा को समझते हुए सेक्टर-56 थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दें। अगर ऐसा नहीं होता है तो वे भविष्य में फिर से उन पर व उनके परिजनों पर हमला कर सकते हैं। इस मामले में पुलिस आयुक्त की ओर से कार्रवाई के लिए डीसीपी ईस्ट को निर्देशित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story