गुरुग्राम: फेसबुक लॉटरी के नाम पर साइबर ठगी, खाताधारक समेत दो और आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने अब तक 10 आरोपियों को पकड़ा, गिरोह दिल्ली से चला रहा था रैकेट
गुरुग्राम, 17 जून (हि.स.)। फेसबुक पर फर्जी लॉटरी का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई जारी है। साइबर अपराध मानेसर थाना पुलिस ने मामले में खाताधारक और खाता उपलब्ध कराने वाले 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस केस में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 10 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर लॉटरी का विज्ञापन देखा। कुछ देर बाद उसके पास व्हाट्सएप कॉल आई और कॉल करने वालों ने बताया कि उसकी 10 लाख रुपये की लॉटरी लगी है। लॉटरी की राशि निकालने के लिए रजिस्ट्रेशन, जीएसटी और अन्य शुल्क के नाम पर आरोपियों ने विभिन्न बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करवा लिए और ठगी कर ली। शिकायत पर साइबर अपराध मानेसर थाने में मामला दर्ज किया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध गौरव फौगाट के नेतृत्व में थाना प्रबंधक निरीक्षक मनोज कुमार की टीम ने 29 मई को असालतपुर, जनकपुरी, दिल्ली में छापा मारकर ऑनलाइन गेमिंग पैनल के जरिए सट्टा और साइबर धोखाधड़ी चलाने वाले गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से 31 मोबाइल, 9 लैपटॉप, 9 एटीएम कार्ड, 43 सिम कार्ड, 3 बैंक खातों की चेक बुक-पासबुक और 3 स्वाइप मशीन बरामद हुई थीं।
मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 17 जून को 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान अमरजीत निवासी बलजीत नगर, पश्चिम पटेल नगर दिल्ली और अमित शर्मा निवासी गुरु अर्जुन नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ठगी में इस्तेमाल किया गया एक बैंक खाता अमरजीत के नाम पर है। अमित शर्मा ने यह खाता अमरजीत से लेकर दूसरे आरोपी को उपलब्ध करवाया था। पुलिस अब आरोपियों से पैसे के लेन-देन, अन्य खाताधारकों और गिरोह में शामिल बाकी लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए वह लगातार कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

