गुरुग्राम में पूर्व एनएसजी कमांडो की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में पूर्व एनएसजी कमांडो की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार


गुरुग्राम, 30 अप्रैल (हि.स.)। गुरुग्राम जिले के कासन गांव में सरपंच हत्याकांड में सजा काट रहे एक पूर्व एनएसजी कमांडो की गुरुवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि गुरुवार की सुबह एनएसजी का पूर्व कंमाडो सुंदर फौजी अपने घर पर कासन गांव में पैराेल पर आया था। वह आठ साल पहले हुई सरपंच बहादुर की हत्या के मामले में अप्रैल 2018 से सजा काट रहा था। वह अपनी भतीजी की शादी के लिए एक महीने पहले ही पैरोल पर आया था। 10 दिन पहले भतीजी की शादी हो चुकी। गांव के सरपंच की हत्या का बदला लेने के लिए उनका बेटा फिराक में था। पता चला है कि पैरोल पर आया सुंदर फौजी सुबह सैर करके घर लौटते समय चौहान बूट हाउस के बाहर बैठा था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे दो युवक वहां आए और पिस्तौल निकालकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने पांच राउंड फायर किए। सुंदर फौजी घायल होकर गिर गया। इस वारदात का वीडियो भी वायरल हुआ है। दो युवक पूर्व कमांडो सुंदर फौजी को गोलियां मार रहे हैं। एक गोली लगते ही फौजी जमीन पर गिरा गया। उसे गोली मारने के बाद आरोपी फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही फौजी के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पूर्व कमांडो को घायलावस्था में अस्पताल भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान सुंदर फौजी (55) निवासी गांव कासन मानेसर के रूप में की है, जाे सरपंच बहादुर की हत्या के मामले में दाेषी था। फिलहाल पुलिस आराेपिताें की तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story