गुरुग्राम: भाजपा सरकार के 12 साल में हरियाणा हुआ बेहाल: राज बब्बर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: भाजपा सरकार के 12 साल में हरियाणा हुआ बेहाल: राज बब्बर


-विधायक हर हाल में अस्पताल बनाने का दावा कर रहे, मंत्री कह रहे नहीं बनने देंगें

-भाजपा सरकार ने गुडग़ांव को केवल विज्ञापनों में स्मार्ट सिटी बनाया

गुरुग्राम, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व सांसद और गुडग़ांव लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने कहा कि भाजपा सरकार ने गुडग़ांव को बर्बाद करने के सिवाय कुछ नहीं किया। विकास के नाम पर सिर्फ दावे किए और फिर भूल गए। भाजपा सरकार के 12 साल में पूरा हरियाण बेहाल हुआ है। पूरे हरियाणा के बराबर अकेले रेवेन्यू देने वाले गुडग़ांव के हालात और भी बदतर हैं।

राज बब्बर बुधवार को कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर, ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव समेत कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद राज बब्बर का भव्य स्वागत किया गया। पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि 12 साल के शासन में भाजपा के पास गिनाने के लिए 12 काम भी नहीं हैं। भाजपा आगे दौड़ पीछे छोड़ की नीति पर काम कर रही है, जो जनहित में नहीं है। गुडग़ांव हरियाणा को सबसे ज्यादा रेवेन्यू देता है, इसके बावजूद आज बर्बादी के कगार पर खड़ा है। राज बब्बर ने कहा कि 12 साल में भाजपा सरकार गुडग़ांव में एक नया सरकारी अस्पताल नहीं बना पाई, एक नया बस अड्डा नहीं बना पाई।

शहर की पहचान बन चुके कूड़े के ढेर, जलभराव, टूटी सडक़ें, ट्रैफिक जाम आज भी जस के तस हैं। गुरुग्राम को मिलेनियम सिटी कहा जाता है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के नाम पर यहां कुछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शराब माफिया की तरह काम कर रही है। हर गली-मोहल्ले में शराब के ठेके खोल दिए गए हैं, लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। युवाओं के लिए रोजगार नहीं, महिलाओं के लिए सुरक्षा नहीं। गुडग़ांव में शराब के ठेकों की तो भरमार है, लेकिन यहां अच्छी शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार का अभाव है। यह सरकार नहीं दे पा रही।

पूर्व सांसद ने कहा कि गुडग़ांव से सरकार को हजारों करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिलता है, लेकिन बदले में शहर को क्या मिला। कूड़े के पहाड़, सीवर का ओवरफ्लो, हर बारिश में जलभराव से डूबता शहर। साइबर सिटी कहे जाने वाले गुडग़ांव में आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोगों को तरसना पड़ रहा है। राज बब्बर ने कहा कि भाजपा सरकार ने गुडग़ांव को केवल विज्ञापनों में स्मार्ट सिटी बनाया है। धरातल पर शहर की हालत बद से बदतर हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story