गुरुग्राम: पूर्व पार्षद व साथियों पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पूर्व पार्षद व साथियों पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप


पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की

गुरुग्राम, 04 अप्रैल (हि.स.)। पटौदी थाना क्षेत्र में एक महिला व उनके पति के बीच चल रहे दहेज के मामले में पूर्व पार्षद व उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि महिला व उसके पति के बीच दहेज का केस चल रहा है। इस केस में समझौता कराने के लिए आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा कि उसका निकाह आठ साल पहले फरीदाबाद के युवक से हुआ था। उसके साथ विवाद होने पर वह अपने पिता के पास चली गई। पटौदी कोर्ट में दहेज का केस भी चल रहा है। इसके बाद पटौदी का पूर्व पार्षद जाहिद व सोनू महिला के संपर्क में आए। उन्होंने महिला को उसके पति के साथ सुलह कराने का झांसा दिया। अक्टूबर 2024 में ससुराल वालों से समझौता कराने के लिए महिला को बहकाकर हेलीमंडी के एक होटल में ले गए, जहां महिला के साथ रेप किया गया।

इसके बाद भी महिला को ब्लैकमेल कर पटौदी के अलग-अलग होटल में रेप की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि जाहिद ने अपना नया मकान बनाया है जिसमें उसने महिला को बुलाया, जहां जाहिद व सोनू ने उसके साथ फिर रेप किया। बीती 17 फरवरी को भी जाहिद ने उसे मकान में बुलाया, जहां सोनू पहले से ही मौजूद था। दोनों ने उसके साथ रेप किया। महिला ने पुलिस को शिकायत करने की बात कही तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। महिला पुलिस में शिकायत करने जा रही थी तो आरोप है कि जाहिद व उसकी पत्नी द्वारा महिला के साथ बाजार में मारपीट की गई। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story