गुरुग्राम: प्रबुद्धजनों के सुझावों से और मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प: राव इंद्रजीत सिंह

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: प्रबुद्धजनों के सुझावों से और मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प: राव इंद्रजीत सिंह


-एक पेड़ मां के नाम अभियान में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का किया आह्वान

गुरुग्राम, 12 जून (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेजर वैली) में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्क परिसर में स्थापित एक वाटर कूलर भी जनमानस को समर्पित किया।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार की सुविधाएं आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करती हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा सेक्टर-14 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों को दी जा रही परामर्श एवं जांच सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य जांच करवाने पहुंचे नागरिकों तथा स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले युवाओं से संवाद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से अनेक गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होती है, जिससे प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान भारत योजना, जन औषधि केंद्र, आयुष सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत बनाने जैसे प्रयासों से देश के करोड़ों नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए भी प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मेयर राजरानी मल्होत्रा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुज गर्ग, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story