गुरुग्राम: लिपिक वर्ग कर्मचारियों के साथ पदोन्नति को लेकर हो रहा भेदभाव: राजेंद्र कुमार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: लिपिक वर्ग कर्मचारियों के साथ पदोन्नति को लेकर हो रहा भेदभाव: राजेंद्र कुमार


-हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर उठाई आवाज

गुरुग्राम, 21 मई (हि.स.)। हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला इकाई की बैठक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग (डाइट) के प्रांगण में बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता हेमसा गुरुग्राम इकाई के जिला प्रधान उदयभान यादव ने की।

बैठक में जिला कार्यकारिणी द्वारा अनीता यादव को अधीक्षक पद पर पदोन्नति होने पर शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर सचिव राजेंद्र कुमार ने कहा कि लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के साथ पदोन्नति को लेकर विभाग द्वारा भेदभाव किया जा रहा है।

निदेशालय की तर्ज पर नियमों में छूट देकर फील्ड के लिपिक वर्ग के साथियों की पदोन्नति करने एवं वर्कलोड के अनुसार नए पद सृजित करने की मांग उठाई गई । संगठन के प्रधान उदयभान यादव एवं राज्य कमेटी सदस्य अरविंद चौहान व राजेंद्र कुमार जिला सचिव द्वारा संयुक्त बयान जारी करके कहा गया कि शिक्षा विभाग में फील्ड में कार्यरत लिपिकों के लिए पदोन्नति के अवसर बहुत सीमित कर दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां निदेशालय में एक लिपिक पदोन्नति पाकर डिप्टी डायरेक्टर तक पहुंच जाता है, वहीं फील्ड में कार्यरत कर्मचारी 32 वर्ष की नौकरी के बाद भी मुश्किल से असिस्टेंट बन पाता है। कर्मचारी बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत हो रहे हैं। संगठन पदोन्नति नीति के तहत नियमों में छूट देकर रिक्त स्थानों को तुरंत प्रभाव से भरने की मांग करता है। इस बारे में अनेक बार शिक्षा मंत्री शिक्षा निदेशक को ज्ञापन बैठक एवं प्रदर्शन के माध्यम से इस समस्या के बारे में अवगत कराया गया। पदोन्नति के बारे में फाईलें अभी तक लंबित रखी जा रही हैं।

संगठन के नेताओं ने मांग करते हुए कहा कि वर्कलोड के अनुसार सी.आर.सी. और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में असिस्टेंट का पद, खंड कार्यालय में डिप्टी सुपरीटेंडेंट व स्टैटिकल अस्सिटेंट व डी.ई.ई.ओ. एवं डी.ई.ओ. कार्यालय में सुपरिंटेंडेंट व एस्टेब्लिशमेंट ऑफिसर के पद स्वीकृत किए जाएं।

जिला इकाई द्वारा आंदोलन को तेज करने की रणनीति के तहत सदस्यता एकत्रित करने, खंड स्तर व जिला स्तर के चुनाव करने के बारे में रणनीति तैयार करने की चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story