गुरुग्राम में शिवा बिल्डटेक के दो निदेशकों के ठिकानों पर ईडी ने की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में शिवा बिल्डटेक के दो निदेशकों के ठिकानों पर ईडी ने की छापेमारी


-पांच वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में चलाया गया सर्च अभियान

गुरुग्राम, 02 सितंबर (हि.स.)। कंस्ट्रक्शन कंपनी शिवा बिल्डटेक के कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने एक साथ छापेमारी की है। बुधवार सुबह से ईडी के पांच वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में सर्च अभियान चलाया गया। ईडी की टीम कंपनी के दो डायरेक्टरों के घर भी पहुंची है।निदेशक अशोक जैन के सेक्टर-14 स्थित मकान पर और दूसरे निदेशक रोहित गुप्ता के सिविल लाइंस में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित मकान पर अधिकारियों की टीम जांच करने पहुंची। सूत्रों के मुताबिक मामला बड़े स्तर पर वित्तीय हेरा-फेरी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हो सकता है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक लगाई गई। ईडी अधिकारी कंपनी के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड, रियल एस्टेट प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों और कंप्यूटर-लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों की जांच कर रहे हैं। अभी तक एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। शिवा बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड 30 मार्च 1998 से रजिस्टर्ड है और रोड कंस्ट्रक्शन व इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में सक्रिय है। कंपनी हाईवे, सडक़, पुल, ऑडिटोरियम और कमर्शियल-रेजिडेंशियल बिल्डिंग्स बनाती है। इसके पास जीएमडीए और एनएचएआई के टेंडर भी रहे हैं। कंपनी का सालाना टर्नओवर 100 से 500 करोड़ रुपए के बीच बताया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story