नई ईवी नीति के बाद गुरुग्राम व बादशाहपुर में पहले इलेक्ट्रिक वाहन का हुआ पंजीकरण

WhatsApp Channel Join Now
नई ईवी नीति के बाद गुरुग्राम व बादशाहपुर में पहले इलेक्ट्रिक वाहन का हुआ पंजीकरण


-गुरुग्राम में ईवी वाहनों का फ्री पंजीकरण शुरू

-30 लाख रुपये तक के इलेक्ट्रिक वाहनों पर 100 प्रतिशत मोटर वाहन कर माफ

-खरीदारों को मिल रहा लाखों रुपये का सीधा लाभ

गुरुग्राम, 25 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार की इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की नई कर छूट नीति लागू होने के साथ ही गुरुग्राम जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण शुरू हो गया है। नई व्यवस्था के तहत मंगलवार को गुरुग्राम और बादशाहपुर उपमंडल में पहला इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत किया गया है।

30 लाख रुपये तक की एक्स-शोरूम कीमत वाले इलेक्ट्रिक वाहनों पर मोटर वाहन कर में 100 प्रतिशत छूट मिलने से वाहन खरीदारों को पंजीकरण के समय सीधे हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का लाभ मिल रहा है। उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए लागू की गई यह नीति पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नागरिकों को आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने से प्रदूषण में कमी लाने और स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई कर छूट व्यवस्था का लाभ पात्र वाहन खरीदारों को सीधे मिल रहा है और इससे प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों की स्वीकार्यता बढऩे की उम्मीद है।नई कर छूट नीति चार दिन पूर्व 21 अगस्त 2026 से धरातल पर लागू हुई। इसके साथ ही प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण की नई व्यवस्था प्रभावी हो गई। गुरुग्राम जिले के गुरुग्राम तथा बादशाहपुर उपमंडल में नई व्यवस्था के तहत पहला इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत किया गया। परिवहन विभाग की पंजीकरण रसीद के अनुसार गुरुग्राम निवासी विक्रांत द्वारा महिंद्रा की बीई फॉर्मूला ईवी कार के पंजीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। नई व्यवस्था के तहत इस वाहन पर देय दो लाख 44 हजार 900 रुपये का मोटर वाहन कर पूरी तरह माफ हो गया। विक्रांत ने कहा कि इलेक्ट्रिक कार के पंजीकरण के दौरान मोटर वाहन कर में पूरी छूट मिलने से उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली। उन्होंने सरकार की इस पहल को इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने वाला सराहनीय कदम बताया।

बादशाहपुर उपमंडल निवासी राशिल गोयल द्वारा टाटा टियागो ईवी के पंजीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। नई कर छूट नीति के तहत उन्हें 81 हजार 120 रुपये के मोटर वाहन कर का सीधा लाभ मिला। राशील गोयल ने कहा इस नीति से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले लोगों को आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा और ईवी अपनाने को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story