गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे के पास नहर में मिला लापता महिला का शव

WhatsApp Channel Join Now

-चार साल पहले हुई थी शादी, आठ महीने पहले पति की मौत से सदमे में थी

गुरुग्राम, 13 अगस्त (हि.स.)। यहां द्वारका एक्सप्रेसवे के पास धनकोट नहर से एक महिला का सड़ा-गला शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि मृतका की पहचान देवीलाल कॉलोनी निवासी मोनम के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से लापता थी।

नहर के पास से गुजर रहे राहगीरों ने पानी में एक महिला का शव तैरता देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर और राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया। शव की हालत काफी खराब थी और वह सड़ चुका था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शव पिछले 2-3 दिनों से पानी में था। पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मोनम की शादी 2022 में हुई थी। करीब आठ महीने पहले राजीव नगर में उसके पति की छत से गिरकर मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि पति की अचानक मौत के बाद से ही मोनम गहरे सदमे में थी। उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था और वह अक्सर गुमसुम रहती थी। उसका इलाज भी चल रहा था। परिजनों के मुताबिक मोनम 10 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे बिना बताए घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिली तो परिजनों ने न्यू कॉलोनी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मंगलवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसजीटी अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला ने नहर में कूदकर आत्महत्या की है या इसके पीछे कोई और कारण है। इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story