गुरुग्राम: हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई होने वाली ड्रग के साथ नूंह का तस्कर काबू
-एमडीएमए और कोकीन के साथ पकड़ा गया आरोपी, दिल्ली सिंडीकेट से जुड़े होने का शक
गुरुग्राम, 17 जून (हि.स.)। गुरुग्राम में हाई-प्रोफाइल पार्टियों और क्लबों में इंटरनेशनल ड्रग सप्लाई करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने सिकंदरपुर के इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास से आरोपी को दबोचा और उसके कब्जे से महंगी एमडीएमए और कोकीन बरामद की।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 14.67 ग्राम एमडीएमए और 6.27 ग्राम कोकीन बरामद हुई है। बरामद ड्रग्स की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ डीएलएफ फेज-1 थाने में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 33 वर्षीय तौफीक के रूप में हुई है, जो नूंह जिले के बैंसी गांव का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सिकंदरपुर पेट्रोल पंप के पास एक युवक संदिग्ध हालत में नशीले पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। इलाके में कई पॉश सोसाइटी और क्लब हैं। सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से रूष्ठरू्र और कोकीन की पुडिय़ां मिलीं।
दिल्ली से 70 हजार में लाई थी खेप, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में तौफीक ने बताया कि वह यह ड्रग दिल्ली के एक सप्लायर से करीब 70 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। आरोपी ने कबूल किया कि वह पहले भी कई बार ड्रग खरीदकर गुरुग्राम ला चुका है और क्लबों में आने वाले युवकों को मोटे मुनाफे पर बेच चुका है। उसका प्लान कोकीन की छोटी-छोटी पुडिय़ा बनाकर रईस युवाओं और पार्टियों में आने वाले ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचने का था।
पुलिस अब जांच कर रही है कि तौफीक दिल्ली में किसके संपर्क में था और गुरुग्राम में वह किन लोगों को ड्रग सप्लाई करने वाला था। आरोपी का मोबाइल जब्त कर कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। फोन में कई संदिग्ध नंबर मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस अवैध कारोबार में कुछ अन्य बड़े सप्लायर और स्थानीय पेडलर्स भी शामिल हो सकते हैं। आरोपी से उसके साथियों और ड्रग नेटवर्क के बारे में पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

