चंडीगढ़: विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है: डा. अर्चना गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
चंडीगढ़: विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है: डा. अर्चना गुप्ता


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने पंचकूला में स्वच्छता अभियान में भाग लिया पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया

स्वच्छता अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित भी किया

चंडीगढ़, 12 जून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने शुक्रवार को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित स्नेहा मंदिर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए साफ-सफाई की तथा स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने मिठाईयों भी बांटी और लोगों के साथ संवाद कर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सांझा की। स्वच्छता अभियान के दौरान डा. गुप्ता ने सफाई कर्मचारियों को शॉल देकर सम्मानित भी किया।डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा और स्वच्छता ही संस्कार है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि आज भारत पहले की तुलना में अधिक सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित राष्ट्र के रूप में विश्व मंच पर स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की नीतियों के कारण करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन वितरित किए गए हैं, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत करोड़ों शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया गया है। इस मौके पर विधायक शक्ति रानी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, मेयर श्याम लाल बंसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, जिला प्रभारी रवि बतान, जिला महामंत्री भूवन जीत सिंह पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल, ओम प्रकाश देवीनगर सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story