गुरुग्राम: दौहला गांव में महिला की हत्या में चचेरा देवर निकला कातिल
-जमीन के एक लाख के लेन-देन में की थी हत्या
गुरुग्राम, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सोहना खंड के दौहला गांव में 35 वर्षीय महिला की हत्या की गुत्थी को अपराध शाखा सोहना ने सुलझा दिया है। पुलिस ने मृतका के दाह-संस्कार के 12 घंटे के अंदर ही मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उसकी हत्या और किसी ने नहीं बल्कि उसके चचेरे देवर ने ही कराई थी। जमीन के एक लाख के लेनदेन में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी चचेरा देवर संदीप निवासी दौहला गांव, उसके साथी अनुज निवासी सहारनपुर उत्तराखंड व अवनिश निवासी रुडक़ी हरिद्वार को काबू किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप पहले भारतीय सेना में था, लेकिन धोखाधड़ी के कारण 2023 में उसका कोर्ट मार्शल हो गया था। वह अपने चचेरे भाई (मृतका के पति) की जमीन बिकवाना चाहता था और एक लाख रुपये ब्याना भी दिया था। लेकिन मृतका ने सौदा सस्ता होने की वजह से पति से वो एक लाख रुपये वापस करवा दिए। इसी रंजिश में संदीप ने हत्या की साजिश रची। संदीप की मुलाकात सेना में तैनाती के दौरान रुडक़ी में अनुज से हुई थी, अनुज के जरिए वह अवनिश से मिला। तीनों ने 31 अगस्त को घर की रेकी की। 16 अक्टूबर को सुबह तीनों बाइक से दौहला आए। पहली बार महिला फोन पर बात कर रही थी तो लौट गए। फिर सुबह 10:05 बजे संदीप और अनुज घर में घुसे, अवनिश बाहर पहरा देने लगा।
बैग में लाई गई टेप से मुंह बंद किया, रस्सी से हाथ बांधे और गला दबाकर हत्या कर दी।
रिमांड में बरामद हुआ लूट का माल
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सामान एक सोने की अंगूठी, दो सोने के टॉप्स, दो सोने की बालियां, एक सोने की चेन, 34 चांदी की बिछिया, दो मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, एक हेलमेट, एक फर्जी नंबर प्लेट, एक सेलो टेप, एक बैग और जूते। तीनों आरोपियों को अब न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
बता दें कि 16 अक्टूबर की सुबह 7:45 बजे मृतका का पति अपने बच्चों को गढ़ी बाजीदपुर स्कूल छोडऩे गया था। घर पर महिला अकेली थी। दोपहर 02:30 बजे जब पति लौटा तो पत्नी मृत अवस्था में मिली। दोनों हाथ बंधे थे और मुंह पर टेप लगी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति की शिकायत पर थाना सदर सोहना में हत्या का केस दर्ज हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

