गुरुग्राम: राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर न्याय को सभी के लिए सुलभ बनाने का संकल्प
-डीएलएसए की ओर से 16 नवंबर तक जिले में चलाया जा रहा जागरुकता अभियान
गुरुग्राम, 10 नवंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरुक करने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष विधिक जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए के अध्यक्ष नरेंद्र सुरा ने कहा कि न्याय तक समान पहुंच लोकतांत्रिक समाज की महत्वपूर्ण आधारशिला है। विधिक सेवा संस्थाओं का दायित्व है कि वे आम नागरिक और न्याय व्यवस्था के बीच की दूरी को कम करते हुए प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय एवं कानूनी सहायता पहुंचाएं। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा ने जमीनी स्तर पर विधिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कानूनी जानकारी प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाती है। इससे नागरिक समय पर उचित कानूनी सहायता एवं उपचार प्राप्त करने में सक्षम होते हैं। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है। यह दिवस विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के लागू होने की स्मृति में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अथवा अन्य असमर्थता के कारण न्याय से वंचित न रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

