गुरुग्राम में दिवाली की रात प्रदूषण से हुई जहरीली, एक्यूआई स्तर हुआ 900 पार
-रात आठ बजे से प्रदूषण स्तर बढऩा हुआ था शुरू
-सुप्रीमकोर्ट के आदेशों की लोगों ने नहीं की परवाह, खूब जलाए पटाखे
गुरुग्राम, 09 नवंबर (हि.स.)। दिवाली की रात पटाखों के धुएं से गुरुग्राम की हवा बेहद खराब हो गई। देर रात तक शहर धुएं की चादर में लिपटा रहा। इससे बीमारों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सांस लेने में परेशानी हुई। अस्थमा और सांस के मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई सोसायटियों में लोगों ने खिड़कियां बंद कर रात गुजारी। सुबह तक भी शहर में प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना रहा। पर्यावरण विशेषज्ञ डा. राम सिंह का कहना है कि पटाखों से निकले जहरीले कण कई दिनों तक हवा में बने रह सकते हैं।
गुरुग्राम में जुलाई 2025 में सबसे कम प्रदूषण स्तर 81 एक्यूआई था, जो नवंबर 2026 में दिवाली की रात 900 को पार कर गया। गुरुग्राम में दिवाली की रात पूजा-पाठ करके लोग पटाखे जलाने में जुट गए थे। रात 07:30 बजे एक्यूआई 261 था, जो अगले आधे घंटे में ही बढक़र यानी आठ बजे 303 हो गया। 08:31 बजे 374, 09:01 बजे 464, 09:31 बजे 608, रात 11:01 बजे प्रदूषण का स्तर 955 एक्यूआई तक पहुंच गया, जो सबसे अधिक रहा। यानी इस समय में लोगों ने ताबड़तोड़ पटाखे फोड़े और प्रदूषण के स्तर को जानलेवा बना दिया। सोमवार की सुबह 07:01 बजे प्रदूषण का स्तर घटकर 400 एक्यूआई तक पहुंचा।
सुप्रीमकोर्ट की ओर से दिवाली पर पटाखे जलाने के लिए समय और दिन तय किए गए थे। सात और आठ नवंबर को सुबह छह से सात बजे तक और रात आठ से 10 बजे तक का समय सिर्फ ग्रीन पटाखे जलाने का तय किया गया था। लोगों ने कई दिन पहले से ही गोदामों से पटाखों की खरीदारी शुरू कर दी थी। यानी ग्रीन से अधिक सामान्य पटाखों की बिक्री पहले ही हो चुकी थी। लोगों ने दिवाली की पूरी रात पटाखे जलाए। नया हो या पुराना गुरुग्राम, हर जगह पर लोगों ने सुप्रीमकोर्ट के आदेशों की परवाह किए बिना ही खूब पटाखे जलाए। इसलिए दिवाली के मौके और उसके बाद गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक और गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 कणों की मात्रा बहुत अधिक बढ़ गई है, जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पुराने गुरुग्राम के रिहायशी इलाकों में देर रात तक पटाखों की आवाज गूंजती रही। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी के बीच धुएं का गुबार फैलता चला गया। सडक़ों और मकानों के आसपास धुएं की परत छाई रही। रात के समय वातावरण में प्रदूषण का असर साफ महसूस किया गया। एक तरफ प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की ओर से तमाम उपाय और जागरुकता अभियान चलाए जा रहे थे। दीपावली की रात हुई आतिशबाजी ने इन प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए। सुप्रीमकोर्ट के आदेशों की भी लोगों ने परवाह नहीं की।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

