गुरुग्राम: निवेश के नाम पर 53 लाख की ठगी में बैंक खाता देने वाला आरोपी काबू

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: निवेश के नाम पर 53 लाख की ठगी में बैंक खाता देने वाला आरोपी काबू


-एक आरोपी को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार

-आरोपी ने 30 हजार रुपये में फर्म के नाम से खोला था बैंक खाता

गुरुग्राम, 28 जुलाई (हि.स.)। निवेश के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को थाना साइबर अपराध पश्चिम गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपी को जयपुर राजस्थान से पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार 26 जून 2024 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम में शिकायत दी थी कि निवेश के नाम पर उससे लगभग 53 लाख 63 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना साइबर अपराध पश्चिम की पुलिस टीम ने सहायक उप-निरीक्षक दीपांकर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 27 जुलाई 2026 को जयपुर राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू शेखावत (29 वर्ष) निवासी जिला झुंझुनू राजस्थान के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ठगी गई राशि में से कुछ रकम सोनू शेखावत के नाम पर एक फर्म के खाते में ट्रांसफर हुई थी। जांच में पता चला कि आरोपी सोनू ने यह बैंक खाता 30 हजार रुपये लेकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध करवाया था। इसी खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर भेजने के लिए किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story