गुरुग्राम: डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए बोई गई फसलों का अपडेट रिकॉर्ड हो रहा तैयार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए बोई गई फसलों का अपडेट रिकॉर्ड हो रहा तैयार


पटवारियों को जिम्मेदारी से काम करने और रोजाना प्रगति की समीक्षा के निर्देश

गुरुग्राम में डिजिटल क्रॉप सर्वे को गति देने के लिए की गई समीक्षा बैठक

एडीसी ने डिजिटल क्रॉप सर्वे को तय समय सीमा में पूरा करने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 18 मार्च (हि.स.)। जिला में डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य को तेज करने और इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के उद्देश्य से एडीसी सोनू भट्ट ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सर्वे कार्य की वर्तमान प्रगति की विस्तार से समीक्षा भी की गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

इससे पहले हरियाणा के डीएलआर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों को डिजिटल क्रॉप सर्वे को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। एडीसी सोनू भट्ट ने बैठक में कहा कि यह कार्य अत्यंत प्राथमिकता वाला है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए किसानों की बोई गई फसलों का सही और अपडेट रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना आसान होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस डिजिटल सर्वे को प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तरों पर आपसी समन्वय और संसाधनों का उचित उपयोग आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में निरंतर निगरानी रखी जाए, कार्य की दैनिक समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर देरी न होने दी जाए। पटवारियों को विशेष रूप से सख्त हिदायत दी गई कि वे पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें, किसी भी लापरवाही से बचें। साथ ही, प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पटवारियों को भी इस कार्य में सक्रिय रूप से शामिल किया जाए। बैठक में पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, डीआरओ विजय यादव, तहसीलदार पटौदी रोहताश, तहसीलदार मानेसर राजेश, नायब तहसीलदार मानेसर गजे सिंह, नायब तहसीलदार हरसरू ओमवीर, नायब तहसीलदार फर्रुखनगर प्रतीक यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story