गुरुग्राम: डिजिटल अरेस्ट कर 78 लाख ठगने के मामले में एक काबू

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 05 सितंबर (हि.स.)। खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 78 लाख रुपये ठगने के मामले में साइबर क्राइम साउथ थाना पुलिस ने बैंक खाता मुहैया कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपी के खाते में ठगी के 45 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे और उसके खाते के खिलाफ पहले से आठ शिकायतें दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 28 नवंबर 2025 को पीडि़त ने शिकायत दी थी कि 21 से 28 नवंबर के बीच ठगों ने खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर उसके आधार कार्ड के मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल होने की बात कहकर डराया और डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर अलग-अलग खातों में 78 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत पर साइबर क्राइम साउथ थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू हुई। बैंकिंग ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 5 सितंबर को महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई के शांति नगर निवासी सुल्तान सलीम शेख को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 50 हजार रुपये कमीशन पर अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को दिया था। इसी खाते से ठगी की रकम का लेन-देन हुआ था।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story