गुरुग्राम में पंडित धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ पूर्व सैन्य अधिकारी ने दी शिकायत
-एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में अहीर समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
गुरुग्राम, 09 नवंबर (हि.स.)। बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर (सेवानिवृत) टी.सी. राव ने उद्योग विहार पुलिस थाना में शिकायत दी है। आरोप है कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में अहीर समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
टी.सी. राव का आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री अपने प्रवचनों और बयानों के माध्यम से अहीर समाज में कथित रूप से सौहार्द बिगाडऩे का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों पर रोक लगाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थाने में दी शिकायत में कहा है कि तीन नवंबर को शाम एक राष्ट्रीय चैनल पर डिबेट शो चल रहा था। आरोप है कि बहस में शामिल पैनलिस्ट प्रो. संगीत रागी द्वारा चर्चा के दौरान यादव-अहीर समाज, उनकी गौरवशाली भाषा और सम्मानित पूर्वजों को लेकर कथित रूप से बेहद आपत्तिजनक, अमर्यादित और समाज को नीचा दिखाने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पूर्व सैन्य अधिकारी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और वैचारिक असहमति जताने की पूरी स्वतंत्रता है। विचारों की इस आजादी और असहमति की आड़ में किसी पूरे समाज, उसकी ऐतिहासिक पहचान और करोड़ों लोगों के सम्मान को सरेआम ठेस पहुंचाना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। मेजर डॉ. टी.सी. राव ने पुलिस प्रशासन से बेहद स्पष्ट और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि संबंधित समाचार चैनल से तीन नवंबर के उस कार्यक्रम की बिना किसी कांट-छांट वाली पूरी रिकॉर्डिंग आधिकारिक तौर पर मंगवाई जाए। वीडियो और ऑडियो के एक-एक हिस्से की बारीकी से जांच हो, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
डॉ. राव ने कहा कि इस मामले में केवल विवादित टिप्पणी करने वाले व्यक्ति की ही जवाबदेही तय न हो, बल्कि कार्यक्रम का संचालन कर रहे एंकर, चैनल की संपादकीय टीम और लाइव प्रसारण से जुड़े सभी जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस से यह भी अपील की है कि डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट होने से बचाने के लिए संबंधित वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड को तुरंत सुरक्षित (प्रिजर्व) किया जाए और आवश्यक गवाहों के बयान दर्ज किए जाएं। डा. टी.सी. राव ने पुलिस के आला अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे इस संवेदनशील मामले पर तुरंत संज्ञान लें। यदि प्राथमिक जांच और मूल प्रसारण के विश्लेषण में किसी भी प्रकार का संज्ञेय अपराध पाया जाता है, तो बिना किसी देरी के एफआईआर दर्ज की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

