गुरुग्राम: नौकरी की आड़ में धर्मांतरण कराने में लगी चार महिलाएं गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: नौकरी की आड़ में धर्मांतरण कराने में लगी चार महिलाएं गिरफ्तार


-चार में से दो महिलाएं नौकरी पर, एक महिला स्वयंसेवक, एक कर रही पढ़ाई

-गांव घाटा में निजी पाठशाला की आड़ में चलाई जा रही थी गतिविधि

-दिल्ली से आकर धर्मांतरण पर करती थीं काम

गुरुग्राम, 15 नंबवर (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना सेक्टर-56 की टीम ने गांव घाटा में रेड के दौरान चारों महिलाओं को मौके से काबू किया। सहायक पुलिस आयुक्त (सदर) कपिल अहलावत ने रविवार को बताया कि मौके से एक सीसीटीवी कैमरा व एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान सुमन कुमारी (उम्र-21 वर्ष) पुत्री विनोद शाह निवासी कोसलपुरी आजादपुर दिल्ली, राजकुमारी चाओबा सिंह (उम्र-36 वर्ष) पुत्री राजकुमार चाओबा निवासी जिला विष्णुपुर मणिपुर (वर्तमान निवासी सेक्टर-86, गुरुग्राम), अशमिता चाहार (उम्र-35 वर्ष) पुत्री दलबहादुर निवासी नेपाल (वर्तमान निवासी कोटला दिल्ली) तथा ललनपुई (उम्र-31 वर्ष) पुत्री वी. ललपनलियाना निवासी आइजोल मिजोरम (वर्तमान निवासी द्वारका, दिल्ली) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना सेक्टर-56 की पुलिस टीम को शिकायत देकर कहा कि गांव घाटा में एसपीआर रोड स्थित सर्विस स्टेशन के नजदीक बनी झुग्गी-झोपडिय़ों एवं कच्चे कमरों में कुछ अज्ञात व्यक्ति व महिलाएं गरीब परिवारों के छोटे बच्चों के लिए निजी पाठशाला संचालित कर रहे हैं। आरोप था कि बच्चों को खाने-पीने की वस्तुएं एवं अन्य जरूरी सामान वितरित करने के साथ-साथ धर्मांतरण संबंधी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। उन लोगों द्वारा पाठशाला संचालित करके तथा खाने-पीने की वस्तुएं वितरित करके बच्चों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-56 की पुलिस टीम द्वारा एसएचओ सुखपाल के नेतृत्व में एक रेडिंग पार्टी तैयार की गई। गांव घाटा स्थित बताए गए स्थान पर रेड की गई। पुलिस टीम को मौके पर चार महिलाएं मिलीं, जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपनी पहचान ललनपुई, अशमिता चाहार, राजकुमारी चाओबा सिंह एवं सुमन कुमारी के रूप में बताई। पुलिस टीम द्वारा चारों महिलाओं को काबू किया गया। शिकायत एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी महिलाओं के विरुद्ध धर्मांतरण के प्रयास से संबंधित अपराध पाए जाने पर थाना सेक्टर-56 में केस दर्ज किया गया। चारों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

एक महिला कंपनी में एचआर, एक लीड एनालिस्ट

आरोपितों से पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपित ललनपुई एक निजी कंपनी में एचआर के पद पर कार्य करती है। अशमिता चाहार एक हॉस्पिटल में कैंसर मरीजों के लिए स्वयंसेवक के रूप में कार्य करती है। राजकुमारी चाओबा सिंह एक निजी कंपनी में लीड एनालिस्ट के पद पर कार्यरत है तथा आरोपित युवती सुमन ने गत वर्ष ही ग्रेजुएशन की है। वह अभी बीएड के लिए तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार ये सभी महिलाएं करीब पिछले एक साल से शनिवार के दिन दिल्ली से गुरुग्राम में आकर बच्चों को शिक्षा व खाने-पीने की वस्तुएं देने के नाम पर निजी पाठशाला संचालित करते हुए उन्हें ईसाई धर्म अपनाने की प्रेरणा दे रही थीं। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से एक सीसीटीवी कैमरा तथा आरोपिता सुमन कुमारी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story