दिल्ली-जयपुर हाइवे पर हाईटेंशन तार टूटने से लगा पांच किमी लंबा जाम

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-जयपुर हाइवे पर हाईटेंशन तार टूटने से लगा पांच किमी लंबा जाम


-समय रहते रोका यातायात, बड़ा हादसा टला, नरसिंहपुर से खेडक़ीदौला तक फंसे हजारों वाहन

गुरुग्राम, 18 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार को नरसिंहपुर के पास 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन तार अचानक टूटकर सडक़ पर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तार गिरने के बाद सुरक्षा के चलते यातायात रोक दिया गया, जिससे हाईवे पर 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार को नरसिंहपुर के पास हुई। 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन अचानक टूटकर मुख्य सडक़ पर आ गिरी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे प्रभावित क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर लोगों को तार से दूर रहने की चेतावनी दी। वहीं बिजली विभाग की टीम ने आपूर्ति बंद कर तार हटाने का काम शुरू किया।

सुरक्षा के कारण प्रशासन ने जयपुर से दिल्ली की ओर आने वाले मार्ग पर तुरंत यातायात रोक दिया। वीकेंड होने की वजह से हाईवे पर पहले से ही वाहनों का दबाव ज्यादा था। कुछ ही मिनटों में नरसिंहपुर से खेडक़ीदौला टोल प्लाजा तक करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम* लग गया। चिलचिलाती गर्मी में हजारों वाहन चालक और यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। इससे पूरे इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। बिजली विभाग की तकनीकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सडक़ से हाई टेंशन तार को हटाया और सुरक्षा मानकों की जांच की। इसके बाद ही यातायात को दोबारा शुरू किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य है, लेकिन घटना स्थल के आसपास अभी भी हल्का ट्रैफिक दबाव बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन ने कहा कि समय रहते यातायात रोक दिए जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। अगर कोई वाहन तार की चपेट में आ जाता तो जनहानि हो सकती थी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और जरूरत पडऩे पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। बिजली विभाग ने भी इलाके में हाई टेंशन लाइनों की जांच कराने की बात कही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story