गुरुग्राम: स्कूल भवन के निर्माण में गुणवत्ता का रखा जाए पूरा ध्यान: अजय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: स्कूल भवन के निर्माण में गुणवत्ता का रखा जाए पूरा ध्यान: अजय कुमार


-उपायुक्त ने किया जमालपुर के निर्माणाधीन स्कूल का दौरा

गुरुग्राम, 04 फरवरी (हि.स.)। गांव जमालपुर स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल का उपायुक्त अजय कुमार ने दौरा किया। उन्होंने वहां प्रस्तावित नए शैक्षणिक भवन को लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अब तक की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि स्कूल के विकास से जुड़ी योजनाएं विद्यार्थियों की वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जानी चाहिए।

उपायुक्त अजय कुमार ने बुधवार काे कहा कि स्कूल के नए भवन का प्लान इस प्रकार तैयार किया जाए कि भविष्य में आवश्यकता पडऩे पर भवन का विस्तार किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण के साथ-साथ शैक्षणिक वातावरण, खेल गतिविधियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी समुचित ध्यान रखा जाए, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और अनुकूल शिक्षण माहौल मिल सके। स्कूल शिक्षा विभाग से एसडीओ अकरम ने जानकारी दी कि स्कूल में योजना के प्रथम चरण के तहत दो फ्लोर के निर्माण का प्रस्ताव है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर एसडीएम दिनेश लुहाच, शिक्षा विभाग से कार्यकारी अभियन्ता सुमित दलाल, एसडीओ अकरम, गांव के सरपंच मनीराम, स्कूल के प्राचार्य सत्यप्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से किया संवाद

उपायुक्त अजय कुमार ने स्कूल के 10वीं एवं 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विषय चयन और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत की तथा उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर परिश्रम के महत्व को समझाया। उपायुक्त ने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट होने से मेहनत को सही दिशा मिलती है और सफलता प्राप्त करना आसान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे, सकारात्मक सोच अपनाने और कठिन परिश्रम के बल पर अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story