गुरुग्राम: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खून से लथपथ हालत में मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now

-मृतक युवक के सिर व शरीर पर चोट के निशान

गुरुग्राम, 15 मई (हि.स.)। गुरुग्राम के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सिकंदरपुर मोड़ के पास गुरुवार रात एक युवक का खून से लथपथ शव मिला है। पुलिस इसे हिट एंड रन मामला मान रही है।

सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का माना जा रहा है। शुक्रवार को खेड़की दौला थाना में तैनात सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक के सिर से काफी खून बह रहा था, जबकि कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी रगड़ व चोट के गहरे निशान मिले हैं। शव सड़क के बीचों-बीच पड़ा हुआ था। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि गुरुवार रात के समय किसी तेज रफ्तार वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मारी और चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कोई भी वाहन का नंबर नोट नहीं कर सका।

उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को गुरुग्राम के अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वाहन चालक की पहचान के लिए पुलिस हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story