गुरुग्राम: मूंगफली खरीदने के नाम पर 1.71 लाख ठगी में आरोपी कानपुर से काबू
-आरोपी ने ठगी के लिए मोबाइल सिम सप्लाई किया था
गुरुग्राम, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मूंगफली खरीदने के नाम पर 1.71 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में गुरुग्राम साइबर क्राइम पश्चिम पुलिस ने सिम कार्ड सप्लाई करने वाले आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहकों की केवाईसी और लाइव फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी सिम जारी कर साइबर ठगों को बेचता था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय शर्मा निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी कुकिंग ऑयल फैक्ट्री है, जिसमें मूंगफली के तेल के लिए बड़ी मात्रा में मूंगफली की जरूरत होती है। एक परिचित के जरिए उसकी बात एक मूंगफली विक्रेता से हुई। विक्रेता ने 2000 किलो मूंगफली भेजने की बात कहकर 29 जनवरी 2026 को 1,71,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। पैसे लेने के बाद वह ऑर्डर डिस्पैच का आश्वासन देता रहा और बाद में संपर्क तोड़ दिया। ठगी का एहसास होने पर पीडि़त ने साइबर थाना पश्चिम में केस दर्ज कराया।
जांच में पता चला कि ठगी में इस्तेमाल किया गया वीआई कंपनी का मोबाइल नंबर आरोपी विनय शर्मा ने ही उपलब्ध कराया था। आरोपी वीआई टेलीकॉम में पीओएस एजेंट के तौर पर काम करता था। वह ग्राहकों के आधार, केवाईसी और लाइव फोटो का बिना उनकी जानकारी के दुरुपयोग कर सिम जारी करता था और अपने साथियों के जरिए साइबर ठगों तक पहुंचाता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अब तक करीब 50 फर्जी सिम साइबर ठगों को दे चुका है, जिसके बदले उसे करीब एक लाख रुपये मिले हैं। साइबर क्राइम पश्चिम पुलिस ने 30 सितंबर को कानपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और सिम सप्लाई की पूरी चेन की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

