गुरुग्राम: ट्रेडिंग के नाम पर 69 लाख की ठगी में बैंक खाता देने वाला गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 16 सितंबर (हि.स.)। निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को साइबर क्राइम पश्चिम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी को दिल्ली से पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम में शिकायत दी थी कि उसके साथ ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लगभग 69 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई है। शिकायत पर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच करते हुए साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान पुलकित भारद्वाज निवासी दुर्गा विहार कॉलोनी, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस जांच और पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई राशि में से सात लाख रुपये जिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, वह खाता आरोपी पुलकित भारद्वाज ने एसआर एंटरप्राइजेज फर्म के नाम से खुलवाया था। आरोपी ने यह बैंक खाता पांच प्रतिशत कमीशन पर एक अन्य आरोपी को उपलब्ध कराया था।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story