गुरुग्राम: देशभर में 40 करोड़ की साइबर ठगी के गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी काबू

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: देशभर में 40 करोड़ की साइबर ठगी के गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी काबू


इंवेस्टमेंट, लोन, डिजिटल अरेस्ट, साइबर स्लेवरी व क्रेडिट कार्ड के नाम पर करते थे ठगी

गुरुग्राम, 18 मार्च (हि.स.)। देशभर से 40 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का गुरुग्राम साइबर क्राइम पुलिस की टीमों ने भंडाफोड़ किया है। आरोपी इंवेस्टमेंट, लोन, डिजिटल अरेस्ट, साइबर स्लेवरी व क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों से चार लाख रुपये, 11 मोबाइल फोन व दो सिम कार्ड बरामद किए हैं।

एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान की अगुवाई में साइबर क्राइम वेस्ट व साउथ थाना पुलिस की टीमों ने साइबर ठगी करने वालों पर शिकंजा कसा। उनके नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दस आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से चार लाख रुपये, 11 मोबाइल फोन व दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। जिनका अवलोकन कराने पर सामने आया कि इन्होंने देश भर से 40 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी करने की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों के खिलफ देश भर में 3571 से अधिक शिकायतें, 96 केस दर्ज हैं। जिनमें से गुरुग्राम के साइबर क्राइम साउथ थाना में 12 केस, साइबर क्राइम वेस्ट मानेसर थाना में दो केस दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story